प्रख्यात साहित्यकार एवं शायर डॉ. कलीम कैसर बने समृद्धिशिला फाउंडेशन की साहित्यिक शाखा के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष
लखनऊ। साहित्य, शायरी एवं ग़ज़ल गायकी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले प्रख्यात वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कलीम कैसर को समृद्धिशिला फाउंडेशन की साहित्यिक शाखा का अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती सूर्यमुखी स्वर्णकार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में डॉ. कलीम कैसर की अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक उपलब्धियों, साहित्य के प्रति उनके समर्पण एवं विशिष्ट योगदान को दृष्टिगत रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। डॉ. कैसर ने इस दायित्व को सहर्ष स्वीकार किया।
फाउंडेशन का उद्देश्य साहित्य, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना तथा प्रतिष्ठित साहित्यकारों को एक साझा मंच प्रदान करना है। डॉ. कलीम कैसर के नेतृत्व में साहित्यिक शाखा के विस्तार, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलनों, मुशायरों, साहित्यिक परिचर्चाओं तथा युवा रचनाकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में विशेष पहल की जाएगी।
इस अवसर पर फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती सूर्यमुखी स्वर्णकार ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. कलीम कैसर का अनुभव, साहित्यिक व्यक्तित्व एवं मार्गदर्शन संस्था की साहित्यिक गतिविधियों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में निदेशक श्री राजीव कुमार सोनी एवं सांस्कृतिक सचिव डॉ. सीमा गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समृद्धिशिला फाउंडेशन ने डॉ. कलीम कैसर को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।